Hindi News / अपराध / आगरा

डबल एक्शन : दुष्कर्म के आरोपी समेत मंदिर और बाइक चोरी का आरोपी गिरफ्तार

Article Top Ad

आगरा। थाना मलपुरा पुलिस ने एक ही दिन में दो अलग-अलग मामलों का सफल खुलासा करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म करने के आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ ही बाइक चोरी और मंदिर चोरी की घटनाओं का भी पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार तथा एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया है। पहले मामले में 15 जुलाई 2026 को एक महिला ने थाना मलपुरा में शिकायत दर्ज कराई थी कि 12 जुलाई को दीपक नामक युवक उसकी पुत्री को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपी ने महिला के साथ गाली-गलौज भी की। इस संबंध में थाना मलपुरा में मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान मुकदमे में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ाई गईं।

पुलिस ने 23 जुलाई को मुखबिर की सूचना पर पथौली पुल के नीचे से आरोपी दीपक पुत्र ओमप्रकाश निवासी मिढ़ाकुर, थाना किरावली को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। इसी दिन थाना मलपुरा पुलिस ने चोरी की दो घटनाओं का भी खुलासा किया। पहली घटना में 21 जुलाई की रात नगला लेखराज से सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिल चोरी कर ली गई थी, जबकि दूसरी घटना में जखोदा पुल के पास स्थित हनुमान मंदिर से घंटा, गरूण घंटी और दानपेटी में रखी नकदी चोरी कर ली गई थी। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर सिरौली रोड से अभिषेक पुत्र बाबूलाल निवासी धनौली को गिरफ्तार कर लिया तथा एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया।

आरोपियों के कब्जे से चोरी की बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल, मंदिर से चोरी किया गया घंटा और गरूण घंटी बरामद की गई। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अपने साथी देवेन्द्र सिंह उर्फ कारे के साथ मिलकर बाइक चोरी और मंदिर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। उन्होंने यह भी बताया कि दानपेटी से चुराई गई नकदी खर्च की जा चुकी है। पुलिस फरार आरोपी देवेन्द्र सिंह उर्फ कारे की तलाश कर रही है। थाना मलपुरा पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में दुष्कर्म और चोरी जैसे गंभीर मामलों का खुलासा होने के साथ ही अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।

agranewsnetwork को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →On Google