Hindi News / अपराध / फिरोजाबाद

पुलिस मुठभेड़ में पांच नकबजन दबोचे, एक बदमाश के पैर में लगी गोली

Article Top Ad

रात में दीवार तोड़कर चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा, चोरी के आभूषण, तमंचे और सेंधमारी के औजार बरामद, फिरोजाबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आगरा के रहने वाले पांच आरोपी गिरफ्तार

फिरोजाबाद। थाना नसीरपुर पुलिस ने नकबजनी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक सक्रिय गिरोह का पुलिस मुठभेड़ के दौरान पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस पर फायरिंग करने वाले एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसे पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी के चांदी के आभूषण, दो तमंचे, कारतूस, सेंधमारी में प्रयुक्त औजार और अन्य सामान बरामद किया गया है। यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक आगरा जोन एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक आगरा परिक्षेत्र के निर्देशन तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक फिरोजाबाद आदित्य लांग्हे के निकट पर्यवेक्षण में थाना नसीरपुर पुलिस द्वारा की गई।

पुलिस के अनुसार 11-12 जुलाई की रात थाना नसीरपुर क्षेत्र के गांव रहल निवासी भंवर सिंह के मकान में चोरों ने चार इंच मोटी ईंट की दीवार तोड़कर घर में प्रवेश किया था। इसके बाद बक्सों और अलमारी के ताले तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर फरार हो गए थे। मामले में थाना नसीरपुर पर मुकदमा दर्ज कर विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया था। घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचनाओं का गहन विश्लेषण किया। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम रपड़ी के जंगल में कुछ बदमाश चोरी की नई वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर दी और संदिग्धों को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा।

पुलिस के मुताबिक आत्मसमर्पण के बजाय बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें तेज सिंह नामक बदमाश के पैर में गोली लग गई। वहीं दूसरे बदमाश द्वारा की गई फायरिंग पुलिस को नुकसान नहीं पहुंचा सकी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मौके से पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी की पहचान तेज सिंह पुत्र ज्ञान सिंह निवासी पारौली, थाना फतेहाबाद (आगरा) के रूप में हुई। उसके अलावा नैमीचंद निवासी धारापुरा (फतेहाबाद), सुरेशचंद्र निवासी साहिदपुर (फतेहाबाद), सियाराम एवं राधेश्याम निवासी विप्रावली भावनाथ की ठार, थाना पिनाहट (आगरा) को गिरफ्तार किया गया। घायल तेज सिंह को पुलिस अभिरक्षा में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिकोहाबाद में भर्ती कराया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक चांदी की करधनी, तीन जोड़ी पायल, बच्चों के दो खड़ुआ, दो देशी तमंचे .315 बोर, दो जिंदा कारतूस, तीन खोखा कारतूस, लोहे के तीन सब्बल, चाबियों का गुच्छा और बड़ी रिंच सहित दीवार तोड़ने में प्रयुक्त औजार बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि बरामद आभूषण थाना नसीरपुर क्षेत्र में हुई चोरी की घटना से संबंधित हैं। पूछताछ में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी पेशेवर नकबजन हैं और पूर्व में भी चोरी, अवैध हथियार तथा गैंगस्टर एक्ट सहित कई मामलों में जेल जा चुके हैं। पुलिस इनके आपराधिक इतिहास और अन्य जिलों में दर्ज मुकदमों की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ में गिरोह द्वारा की गई अन्य चोरी की घटनाओं का भी खुलासा हो सकता है।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में चोरी, नकबजनी और संगठित अपराध के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। फरार अपराधियों की तलाश भी तेज कर दी गई है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

agranewsnetwork को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →On Google