Hindi News / आगरा

‘लपका मुक्त सीकरी’ अभियान को बड़ी सफलता, 48 घंटे में दूसरी कार्रवाई

Article Top Ad

पर्यटकों से ठगी करने वाले दो लपके गिरफ्तार, पूरे नेटवर्क के सरगनाओं पर भी पुलिस का शिकंजा…

आगरा/फतेहपुर सीकरी। विश्व धरोहर नगरी फतेहपुर सीकरी की छवि को धूमिल करने वाले तथाकथित ‘लपका तंत्र’ के खिलाफ थाना फतेहपुर सीकरी पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। ‘लपका मुक्त सीकरी’ अभियान के तहत पुलिस ने 48 घंटे के भीतर दूसरी बड़ी कार्रवाई करते हुए पर्यटकों को गुमराह कर अवैध वसूली करने वाले दो लपकों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि अब कार्रवाई केवल छोटे स्तर के लपकों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पूरे नेटवर्क को संचालित करने वाले सरगनाओं पर भी सख्त कानूनी शिकंजा कसा जाएगा। पुलिस के अनुसार थाना प्रभारी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लपके ऐतिहासिक स्मारकों का भ्रमण करने आए देशी-विदेशी पर्यटकों को रास्ते में रोककर उन्हें गलत दिशा में ले जा रहे हैं। आरोप है कि दरगाह के पिछले हिस्से स्थित हिरन मीनार दिखाने, विशेष दर्शन कराने और शॉर्टकट रास्ता बताने के बहाने उनसे मनमाने ढंग से अवैध वसूली की जा रही थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान मौजूद पर्यटकों को पूरे घटनाक्रम की जानकारी देकर सुरक्षित मार्ग से उनके गंतव्य तक रवाना किया गया। पुलिस ने बताया कि इससे पहले भी दो दिन पूर्व इसी अभियान के तहत दो अन्य लपकों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।

सरगनाओं पर भी होगी सख्त कार्रवाई

थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि विश्व धरोहर स्थल की गरिमा और पर्यटकों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जा रही है। चाहे सड़क पर पर्यटकों को गुमराह करने वाला छोटा लपका हो या पर्दे के पीछे से पूरे गिरोह का संचालन करने वाला कोई बड़ा सरगना, सभी के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ऐसे लोगों की भी पहचान कर रही है, जो सस्ते गाइड, मुफ्त प्रवेश, विशेष दर्शन या शॉर्टकट के नाम पर पर्यटकों को झांसे में लेकर उनसे ठगी करते हैं। संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं।

पर्यटकों और व्यापारियों ने जताई राहत

पुलिस की कार्रवाई के बाद फतेहपुर सीकरी पहुंचे पर्यटकों ने राहत व्यक्त की। उनका कहना है कि पुलिस की सक्रियता से बाहरी राज्यों और विदेशों से आने वाले पर्यटक ठगी का शिकार होने से बच सकेंगे। वहीं स्थानीय गाइडों और व्यापारियों ने भी अभियान की सराहना करते हुए कहा कि लपका संस्कृति समाप्त होने से फतेहपुर सीकरी की सकारात्मक छवि बनेगी और पर्यटन को नया प्रोत्साहन मिलेगा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ‘लपका मुक्त सीकरी’ अभियान लगातार जारी रहेगा। पर्यटकों को गुमराह करने, अवैध वसूली करने और पर्यटन की छवि खराब करने वाले पूरे नेटवर्क को चिन्हित कर उसके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का दावा है कि आने वाले दिनों में इस गिरोह से जुड़े कई और लोगों की गिरफ्तारी संभव है, जिससे फतेहपुर सीकरी को पूरी तरह ‘लपका मुक्त’ बनाया जा सके।

agranewsnetwork को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →On Google