आगरा। पर्यावरण संरक्षण और हरित आगरा के संकल्प को साकार करने के लिए 12 जुलाई (रविवार) को जनपद में ‘वृक्षारोपण महायज्ञ-2026’ का आयोजन किया जाएगा। इस महाअभियान के तहत पूरे जनपद में 53 लाख 94 हजार पौधे लगाए जाएंगे। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। शुक्रवार को जिलाधिकारी मनीष बंसल ने शास्त्रीपुरम डी-ब्लॉक स्थित मुख्य कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पौधारोपण के लिए गड्ढों की खुदाई में तेजी लाने, कार्यक्रम स्थल को थीम आधारित स्वरूप देने तथा औषधीय, हर्बल, फलदार पौधों और पोषण वाटिका विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह केवल पौधे लगाने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, जलवायु संतुलन और आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित भविष्य देने का जन आंदोलन है।
डीएम ने जिला पंचायत राज अधिकारी को कार्यक्रम स्थल तक जाने वाले मार्गों की साफ-सफाई, मंच निर्माण, पेयजल, पार्किंग, जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों के बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों से आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का समयबद्ध निर्वहन करने को कहा, ताकि कार्यक्रम भव्य और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जा सके। जिलाधिकारी ने बताया कि शास्त्रीपुरम डी-ब्लॉक में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री एस.पी. सिंह बघेल, कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह सहित जनपद के जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। इसके अलावा शासन द्वारा नामित जनपद के नोडल अधिकारी एवं प्रमुख सचिव, व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग डॉ. हरिओम भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत वन विभाग द्वारा लगभग 19 लाख पौधों का रोपण किया जाएगा, जबकि अन्य विभागों के सहयोग से कुल 53 लाख 94 हजार पौधे लगाए जाएंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में अभियान के प्रभावी संचालन के लिए संबंधित तहसीलों के उपजिलाधिकारियों और खंड विकास अधिकारियों को जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं शहरी क्षेत्रों में भी विभिन्न विभागों को लक्ष्य के अनुरूप पौधारोपण कराने के निर्देश दिए गए हैं। डीएम मनीष बंसल ने कहा कि इस अभियान की सफलता जनभागीदारी पर निर्भर है। उन्होंने आम नागरिकों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, शिक्षण संस्थानों और युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में पौधारोपण अभियान से जुड़ने और लगाए गए पौधों के संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) आजाद भगत सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी राजेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन का उद्देश्य केवल रिकॉर्ड संख्या में पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उनके संरक्षण के माध्यम से जनपद में हरित क्षेत्र का स्थायी विस्तार करना भी है।