Hindi News / अपराध / आगरा

पुलिस का डबल एक्शन: लूटकांड का खुलासा, चोरी का फरार आरोपी भी दबोचा

Article Top Ad

आगरा। थाना सदर बाजार पुलिस ने एक ही दिन में दो अलग-अलग मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए लूट की वारदात का खुलासा किया और चोरी के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने लूटकांड में शामिल दो आरोपियों को दबोचते हुए घटना में प्रयुक्त ऑटो, लूटा गया मोबाइल फोन, मोबाइल के पार्ट्स और नकदी बरामद की है। वहीं चोरी के मामले में लंबे समय से वांछित आरोपी को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

पहला मामला 18 जुलाई की रात का है। पीड़ित खेरिया मोड़ से अपने गांव कागरौल जाने के लिए ऑटो में बैठा था। रास्ते में ऑटो चालक अपने मालिक से रुपये लेने का बहाना बनाकर वाहन को अजीजपुर होते हुए सौहल्ला रेलवे क्रॉसिंग के पास सुनसान इलाके में ले गया। वहां पहले से मौजूद साथियों के साथ मिलकर आरोपियों ने चाकू दिखाकर पीड़ित से मोबाइल फोन और 1500 रुपये लूट लिए और फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर थाना सदर बाजार में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

प्रभारी निरीक्षक के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर की सूचना पर 23 जुलाई को सौहल्ला रेलवे अंडरपास के पास से सोना निवासी मान विहार कॉलोनी, नगला बुद्दा थाना मलपुरा तथा प्रिन्स निवासी नगला उदा थाना मलपुरा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त ऑटो, लूटा गया मोबाइल फोन, मोबाइल की मदरबोर्ड, अन्य मोबाइल पार्ट्स और 570 रुपये नकद बरामद किए गए।

पुलिस अब फरार आरोपी शिवम की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। इसी दिन थाना सदर बाजार पुलिस ने चोरी के एक अन्य मामले में भी कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी अक्षय पुत्र नारायण दास निवासी बुन्दूकटरा को गिरफ्तार कर लिया। यह मामला 7 जून 2026 का है, जब पीड़ित अपनी पत्नी के साथ सामान खरीदने बाजार गया था। इसी दौरान चोरों ने उसके सूने घर का ताला तोड़कर नकदी और आभूषण चोरी कर लिए थे।

मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी। इस मामले में एक आरोपी विष्णु को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि एक अन्य वांछित आरोपी सूरज अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है। सदर बाजार पुलिस की इन दोनों सफल कार्रवाइयों से क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश गया है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

agranewsnetwork को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →On Google