Hindi News / Uncategorized / आगरा

नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत, DCP ट्रैफिक सोनम कुमार की अभिभावकों, स्कूल प्रबंधन और वाहन चालकों से बड़ी अपील; बच्चों की सुरक्षा में लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई

Oplus_131072
Article Top Ad

आगरा। जुलाई 2026 से नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ जनपद के सभी स्कूल एवं विद्यालय पुनः संचालित हो गए हैं। इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त यातायात सोनम कुमार ने सभी अभिभावकों, विद्यालय प्रबंधकों और स्कूल वाहन चालकों से बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

डीसीपी ट्रैफिक ने अभिभावकों से कहा कि वे अपने बच्चों को केवल अधिकृत, सुरक्षित और निर्धारित मानकों के अनुरूप स्कूल वाहनों से ही विद्यालय भेजें। यदि निजी वाहन का उपयोग किया जा रहा है तो वाहन की तकनीकी स्थिति, चालक का वैध ड्राइविंग लाइसेंस, अनुभव और उसकी शारीरिक एवं मानसिक रूप से वाहन चलाने की क्षमता की भी जांच अवश्य करें। उन्होंने दोपहिया वाहन से बच्चों को स्कूल छोड़ने वाले अभिभावकों से स्वयं आईएसआई मानक का हेलमेट पहनने और बच्चों को भी हेलमेट पहनाने की अपील की। वहीं चारपहिया वाहन से यात्रा करने वालों से स्वयं सीट बेल्ट लगाने और बच्चों को भी सीट बेल्ट का उपयोग कराने का आग्रह किया।

डीसीपी ट्रैफिक ने विशेष रूप से ओवरलोडिंग को गंभीर खतरा बताते हुए कहा कि किसी भी स्थिति में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को स्कूल वाहनों में नहीं बैठाया जाना चाहिए। ओवरलोडिंग न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन है बल्कि गंभीर सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण भी बन सकती है। उन्होंने नए शैक्षणिक सत्र के अवसर पर अभिभावकों से यह भी अपील की कि बच्चों को सकारात्मक माहौल दें, उनका उत्साहवर्धन करें, उनका आत्मविश्वास बढ़ाएं और ऐसी दिनचर्या विकसित करें जिससे वे बिना किसी भय या दबाव के खुशी और उत्साह के साथ विद्यालय जा सकें। विद्यालय प्रबंधकों और स्कूल वाहन संचालकों को संबोधित करते हुए डीसीपी ट्रैफिक ने कहा कि सभी स्कूल वाहन फिटनेस मानकों के अनुरूप होने चाहिए।

वाहनों के सभी आवश्यक दस्तावेज वैध हों, चालक प्रशिक्षित एवं अनुभवी हों, उनके पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस हो तथा वे यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करें। वाहन चलाते समय तेज गति, मोबाइल फोन का प्रयोग, ओवरलोडिंग और अन्य किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी स्कूल वाहन में क्षमता से अधिक बच्चों का परिवहन होता हुआ दिखाई देता है तो इसकी सूचना तत्काल आगरा ट्रैफिक हेल्पलाइन 9454457886 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी तथा संबंधित वाहन के विरुद्ध तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

डीसीपी ट्रैफिक सोनम कुमार ने कहा कि आगरा यातायात पुलिस छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सभी नागरिकों, अभिभावकों, प्रधानाचार्यों और विद्यालय प्रबंधकों को मिलकर यह सुनिश्चित करना होगा कि प्रत्येक बच्चा सुरक्षित विद्यालय पहुंचे और सुरक्षित अपने घर वापस लौटे।

“सुरक्षित स्कूली वाहन–सुरक्षित विद्यार्थी, सुरक्षित भविष्य” के संदेश के साथ आगरा यातायात पुलिस ने सभी से यातायात नियमों का पालन करने और बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की है।

agranewsnetwork को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →On Google