आगरा। थाना शमसाबाद क्षेत्र में एक युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक के परिजनों ने पत्नी पर मानसिक प्रताड़ना, अपमानित करने, तलाक के बदले 25 लाख रुपये की मांग करने और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर के आधार पर पत्नी सहित चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मोहल्ला टोला निवासी गौरव की शादी करीब चार वर्ष पहले शाहगंज निवासी करिश्मा से हुई थी। मृतक के पिता का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही करिश्मा का व्यवहार बदल गया और वह आए दिन घर में विवाद करने लगी। परिजनों का कहना है कि वह गौरव को पसंद न करने और किसी अन्य व्यक्ति से प्रेम करने की बात भी कहती थी, जिससे परिवार में लगातार तनाव बना रहता था।
परिजनों का आरोप है कि करिश्मा तलाक देने के बदले 25 लाख रुपये की मांग कर रही थी। रुपये न देने पर पूरे परिवार को दहेज उत्पीड़न के मुकदमे में फंसाने की धमकी भी देती थी। आरोप है कि इन बातों को लेकर गौरव लंबे समय से मानसिक तनाव में था। मृतक के पिता के अनुसार, 3 जुलाई को करिश्मा ने गौरव के साथ मारपीट की और सार्वजनिक रूप से उसे अपमानित करते हुए “नामर्द” कहकर संबोधित किया। परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान उसे आत्महत्या करने के लिए भी उकसाया गया। घटना के बाद गौरव गहरे अवसाद में चला गया और बाद में उसने आत्महत्या कर ली।
घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार का कहना है कि लगातार मानसिक प्रताड़ना और सामाजिक अपमान के कारण गौरव यह कदम उठाने के लिए मजबूर हुआ। मृतक के पिता की तहरीर पर थाना शमसाबाद पुलिस ने पत्नी करिश्मा, उसके भाई रवि, विक्रम और उसकी बहन के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच के दौरान साक्ष्यों, गवाहों के बयान और अन्य उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।