Hindi News / अपराध / आगरा

पैसों के लेनदेन ने ली बुजुर्ग की जान! घर के बाहर मिला शव, पड़ोसी पर हत्या का आरोप; परिजनों का हंगामा, पुलिस से भी हुई नोकझोंक

Oplus_131072
Article Top Ad

आगरा। ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र के भगवती बाग (राधा नगर) में रविवार सुबह एक बुजुर्ग का शव घर के बाहर मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिजनों ने पड़ोस में रहने वाले व्यक्ति पर हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभालने में जुट गई। मृतक की पहचान दिनेश शर्मा के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले कुल्ली अग्रवाल से पैसों के लेनदेन और कमेटी को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। उनका कहना है कि रुपये मांगने गए दिनेश शर्मा के साथ मारपीट की गई, जिसके बाद उनकी मौत हो गई।

रविवार सुबह जब घर के बाहर दिनेश शर्मा का शव पड़ा मिला तो मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना पर ट्रांस यमुना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू की। घटना से गुस्साए परिजनों ने आरोपी के घर का घेराव कर दिया और तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे। उनका आरोप था कि पैसों के विवाद में ही हत्या की गई है। स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई जब पुलिस ने शव को एंबुलेंस से पोस्टमार्टम के लिए भेजना चाहा, लेकिन परिजनों ने एंबुलेंस को आगे नहीं बढ़ने दिया। उनका कहना था कि जब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होगी, तब तक शव नहीं ले जाने दिया जाएगा। कुछ परिजन शव को आरोपी के घर के सामने रखने की मांग पर भी अड़ गए।

इस दौरान मृतक की पत्नी और बेटी विरोध प्रदर्शन करते-करते बेहोश हो गईं। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और अन्य लोगों ने उन्हें संभाला। पुलिस और परिजनों के बीच नोकझोंक भी हुई, हालांकि पुलिस ने लोगों को शांत कर स्थिति को नियंत्रण में रखने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के साथ अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटना के बाद भगवती बाग और आसपास के इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात किया गया है और पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी जा रही है। मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

agranewsnetwork को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →On Google