Hindi News / आगरा / उत्तरप्रदेश

फतेहपुर सीकरी के विकास को मिली नई रफ्तार, एडीए ने छह करोड़ रुपये की परियोजनाओं को दी मंजूरी

Article Top Ad

आगरा। विश्व धरोहर नगरी फतेहपुर सीकरी के विकास को नई गति मिलने जा रही है। आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) ने क्षेत्र में सड़क, जल सुविधा और पर्यटन विकास से जुड़ी करीब छह करोड़ रुपये की परियोजनाओं को मंजूरी दे दी है। यह स्वीकृति क्षेत्रीय विधायक चौधरी बाबूलाल के प्रस्ताव पर प्रदान की गई है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को भी बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। एडीए द्वारा स्वीकृत पहले चरण में तीन प्रमुख विकास कार्यों को हरी झंडी दी गई है। इसके तहत फतेहपुर सीकरी रेलवे स्टेशन से शाहकुली तक सड़क चौड़ीकरण और नाली निर्माण कराया जाएगा, जिससे क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होने के साथ जलभराव की समस्या से भी राहत मिलेगी। इसके अलावा सतफेरा से जोताना मार्ग का निर्माण 3.52 करोड़ रुपये की लागत से कराया जाएगा। यह सड़क लंबे समय से खराब स्थिति में थी, जिससे ग्रामीणों और यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। वहीं ग्वालियर गेट से नई आबादी मोहल्ला इस्लामगंज तक कच्चे मार्ग को 2.18 करोड़ रुपये की लागत से पक्का बनाया जाएगा। इस निर्माण से स्थानीय बस्तियों का आवागमन सुगम होगा।

सड़क परियोजनाओं के साथ-साथ एडीए ने पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए भी कई महत्वाकांक्षी योजनाओं पर काम शुरू करने की तैयारी की है। प्रस्तावित योजनाओं में तेरह मोरी बांध पर झील चौपाटी का विकास एवं बोटिंग सुविधा, गुलिस्ता पार्किंग से डाक बंगला तक रोपवे तथा बस स्टैंड के पास आरओ वाटर प्लांट की स्थापना शामिल है। इन परियोजनाओं का उद्देश्य फतेहपुर सीकरी आने वाले पर्यटकों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देना है। क्षेत्रीय विधायक चौधरी बाबूलाल ने बजट स्वीकृत होने पर एडीए का आभार जताते हुए कहा कि फतेहपुर सीकरी के समग्र विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उनका कहना है कि क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ पर्यटन को नई पहचान दिलाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। इस अवसर पर डॉ. रामेश्वर चौधरी ने कहा, “काम किया है, काम करेंगे… क्षेत्र में विकास की गंगा बहा देंगे।” स्थानीय लोगों ने भी बजट स्वीकृत होने पर खुशी जताई है। उनका कहना है कि सड़कों के निर्माण, पर्यटन परियोजनाओं और अन्य सुविधाओं के विकसित होने से क्षेत्र की तस्वीर बदलेगी। इससे स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा, रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और फतेहपुर सीकरी आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

agranewsnetwork को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →On Google