आगरा। फैक्ट्री मालिक का भरोसा जीतकर अंदर ही अंदर चोरी की पटकथा लिख रहा टेंपो चालक आखिरकार पुलिस के शिकंजे में आ गया। कई दिनों तक फैक्ट्री से प्लास्टिक दाना चोरी कर बाहर निकालने का खेल चलता रहा, लेकिन जब सीसीटीवी कैमरों की नजर उस पर पड़ी तो उसकी पूरी साजिश बेनकाब हो गई। थाना सिकंदरा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किए गए 25 बोरे प्लास्टिक दाना और घटना में इस्तेमाल किया गया टेंपो बरामद कर लिया।
मामला थाना सिकंदरा क्षेत्र का है। 18 जुलाई 2026 को फैक्ट्री संचालक ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसकी फैक्ट्री में रवि चौधरी टेंपो चालक के रूप में काम करता है। काफी समय से उसे रवि की गतिविधियों पर संदेह था। शक गहराने पर फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में साफ दिखाई दिया कि 2 जुलाई 2026 को रवि फैक्ट्री से प्लास्टिक दाने का एक बोरा उठाकर अपने टेंपो में रखता है और आराम से फैक्ट्री से बाहर निकल जाता है।
सीसीटीवी फुटेज सामने आते ही फैक्ट्री मालिक ने थाना सिकंदरा में शिकायत दर्ज कराई। प्रभारी निरीक्षक राजीव त्यागी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी रही। गुरुवार 23 जुलाई 2026 को मुखबिर से मिली सटीक सूचना पर पुलिस ने गणपति क्लासिक बिल्डिंग के सामने सड़क किनारे से आरोपी रवि उर्फ अजय चौधरी को दबोच लिया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए 25 बोरे प्लास्टिक दाना और वारदात में इस्तेमाल किया गया टेंपो भी बरामद कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रवि उर्फ अजय चौधरी पुत्र सुरेंद्र चौधरी, निवासी महादेव नगर, कैलाश मोड़, बरीपुरा, थाना सिकंदरा, आगरा के रूप में हुई है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि उसने इससे पहले कितनी बार फैक्ट्री से माल चोरी किया और चोरी का सामान कहां और किसे बेचा जाता था। पुलिस मामले के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है। इस कार्रवाई को सफल बनाने में प्रभारी निरीक्षक राजीव त्यागी, उ0नि0 अजय जायसवाल तथा उ0नि0 नीलेश शर्मा सहित थाना सिकंदरा पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।